ब्यूरो रिपोर्ट
एंटरटेनमेंट डेस्क। मशहूर संगीतकार और ऑस्कर विजेता एआर रहमान के प्रशंसकों के लिए निराशाजनक खबर सामने आई है। गुरुग्राम में 21 नवंबर 2026 को होने वाला उनका लाइव कॉन्सर्ट स्थगित कर दिया गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन उनके ‘वंडरमेंट टूर’ के तहत किया जाना था।
यह कार्यक्रम गुरुग्राम के बैकयार्ड स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होना प्रस्तावित था। आयोजकों ने फिलहाल इसे टालने का फैसला किया है। इसके पीछे अप्रत्याशित परिस्थितियों और अंतिम समय में सामने आए कुछ जरूरी घटनाक्रमों का हवाला दिया गया है।
2027 में हो सकता है नया आयोजन
आयोजकों की ओर से मिली जानकारी के अनुसार कॉन्सर्ट को अगले साल आयोजित करने की योजना है। हालांकि, अभी नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में रहमान के लाइव कार्यक्रम का इंतजार कर रहे प्रशंसकों को फिलहाल नई तारीख का इंतजार करना होगा।
टिकट खरीदने वालों को मिलेगा रिफंड
कार्यक्रम के लिए टिकट बुक करने वाले दर्शकों को निरस्तीकरण संबंधी ईमेल भेजे गए हैं। टिकटिंग प्लेटफॉर्म की ओर से रिफंड की प्रक्रिया शुरू की गई है। टिकटों की कीमत सामान्य प्रवेश के लिए 2,499 रुपये से लेकर प्रीमियम वीआईपी श्रेणी में 1.5 लाख रुपये तक थी।
कॉन्सर्ट स्थगित होने से उन प्रशंसकों को निराशा हुई है, जिन्होंने पहले से टिकट बुक कर रखे थे और कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे।

