13 से 20 नवंबर तक रेशू प्रांगण में होगा भव्य भागवत कथा सप्ताह, 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर होगा कन्या विवाह
रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शहर के रेशू विहार स्थित रेशू प्रांगण में 13 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक अनुष्ठान की श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना के साथ समाज की आत्मिक एवं सामाजिक शक्ति को जागृत करना तथा वर्ष 2047 से पहले भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को गति देना है। वहीं, 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर एक गरीब कन्या का विवाह भी संपन्न कराया जाएगा।
रेशू परिवार के मुखिया सत्यप्रकाश रेशू ने प्रेस वार्ता में बताया कि अपने माता-पिता और गुरुजनों की प्रेरणा तथा श्रीमद्भागवत कथा की उद्गम स्थली शुकतीर्थ के जीर्णोद्धारक स्वामी कल्याण देव की प्रेरणा से इस अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथा व्यास आचार्य शांतनु महाराज करेंगे। श्रद्धालुओं को पहली बार उनके श्रीमुख से दिव्य एवं ओजपूर्ण भागवत कथा श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आचार्य शांतनु महाराज गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में भी श्रीराम कथा और श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करते हैं। रेशू परिवार ने मुजफ्फरनगर की आध्यात्मिक एवं सामाजिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से उनसे कथा करने का आग्रह किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। कथा के दौरान जीवन, परिवार, व्यापार, समाज, धर्म, शिक्षा, कृषि और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में श्रीमद्भागवत के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
कथा का शुभारंभ 13 नवंबर को रेशू विहार रेलवे फाटक स्थित श्री राज दुर्गा मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसमें 121 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर लगभग 125 मीटर की दूरी बैंड-बाजों के साथ पैदल तय करते हुए कथा स्थल तक पहुंचेंगी। कलश यात्रा में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु शामिल होंगे।
सत्यप्रकाश रेशू ने बताया कि इस आयोजन को किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित न रखकर पारिवारिक कथा का स्वरूप दिया गया है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग के लोग एक परिवार की तरह जुड़कर आध्यात्मिक एवं सामाजिक ज्ञान प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार श्रीमद्भागवत कथा ने राजा परीक्षित के जीवन को नई दिशा दी, उसी प्रकार इसके संदेश से क्रांतिकारियों, संतों, राजनेताओं, उद्योगपतियों, व्यापारियों, साहित्यकारों, किसानों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों और मातृशक्ति सहित समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरणा मिली है।
आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत, सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, जूते-चप्पल रखने तथा प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था रहेगी। युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। कथा के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ता पूरी कर्मठता से सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं। आयोजन में अनेक संत-महात्माओं, महामंडलेश्वरों, जगद्गुरुओं, ज्योतिषाचार्यों और विद्वान पंडितों को भी आमंत्रित किया गया है।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान जयप्रकाश गर्ग, विज्ञानानंद सरस्वती (हनुमत धाम), ब्रह्माकुमारी बबीता, कुंज बिहारी अग्रवाल, मीनाक्षी स्वरूप, अंजु अग्रवाल, सुधीर सैनी, संजय राठी, भीम कंसल (गणपति धाम), राकेश (कांवड़ शिविर), राकेश शर्मा, अनमोल (रेल वाटर), ललित (शिवसेना), अमित पटपाटिया (उद्घोषक, समर्पित युवा), सजल, मोहित, निशांत मिश्रा (भरत रामायण), सत्यपाल मान (टीएस मान ट्रांसपोर्टर), राहुल वाल्मीकि, शशिकांत (उद्घोषक), मनोज शास्त्री, अशोक कंसल एवं स्वामी गीतानंद गिरि (शुकतीर्थ) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
