रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने कांबिंग के दौरान दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी मेरठ और शामली के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी मुजफ्फरनगर, हाथरस और हापुड़ समेत कई जनपदों में चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, पांच जिंदा और दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, 1500 रुपये नकद और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हाशिम निवासी नगला कुंभा थाना जानी, मेरठ, रिजवान उर्फ इमरान निवासी शिवाल खास थाना जानी, मेरठ और इरशाद निवासी राई नगला थाना कैराना, शामली के रूप में हुई है।
कैफे में चोरी के बाद से तलाश में जुटी थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, 27 अक्तूबर को भोपा निवासी राम शर्मा ने नई मंडी थाने में तहरीर देकर बताया था कि जटमुझेडा स्थित उनके कैफे का ताला तोड़कर चोर 5400 रुपये नकद, रजनीगंधा और सिगरेट समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए टीमें गठित की थीं।
10 नवंबर को नई मंडी थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम रथेडी कट पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कैफे में चोरी करने वाले आरोपी हरिद्वार से मेरठ की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। पुलिस ने चेकिंग तेज की तो बिना नंबर प्लेट की सफेद मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस पर फायरिंग कर भागे बदमाश
पुलिस के मुताबिक, रुकने का इशारा करने पर बाइक सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने पीछा किया तो आईशर वर्कशॉप के पीछे उनकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने घिरता देख दोबारा पुलिस टीम पर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हाशिम और रिजवान उर्फ इमरान घायल हो गए। वहीं, तीसरे आरोपी इरशाद को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मेरठ, हापुड़ और हाथरस तक फैला है आपराधिक नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार हाशिम पर चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रिजवान उर्फ इमरान के खिलाफ भी मेरठ, हापुड़ और अमरोहा समेत विभिन्न थानों में चोरी, अवैध हथियार, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। दोनों हाथरस के सिकंदराराऊ और नई मंडी में दर्ज चोरी के मामलों में वांछित थे। तीसरे आरोपी इरशाद के खिलाफ भी हापुड़ और मुजफ्फरनगर में मुकदमे दर्ज हैं।
नई मंडी थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप चौधरी, गणेश शर्मा, शेखर कंडपाल, नंद किशोर समेत थाने की पुलिस टीम और सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल विकास सिरोही शामिल रहे। पुलिस अब आरोपियों के आगे और पीछे के संपर्कों की जानकारी जुटा रही है, ताकि गिरोह की अन्य वारदातों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।
