रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बुधवार को जिले में अभियान चलाया। आबकारी निरीक्षकों ने विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक की जांच की। दुकानों पर उपलब्ध शराब का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया गया। इसके साथ ही बोतलों और पव्वों को रैंडम तरीके से स्कैन कर शराब की गुणवत्ता और वैधता भी परखी गई।
खतौली क्षेत्र के ग्राम सोंटा में भी आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर अवैध शराब की बिक्री की संभावनाओं की जांच की। वहीं एक शिकायत की जांच के दौरान आबकारी विभाग और थाना शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम रसूलपुर जाटान, तहसील बुढ़ाना में दबिश दी।
दबिश के दौरान टीम ने एक आरोपी के कब्जे से महबूबा ब्रांड के 22 पव्वे, जिन पर फॉर सेल इन यूपी अंकित था, बरामद किए। पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग ने ग्रामीणों और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया है। विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं अवैध शराब या किसी नशीले पदार्थ की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल आबकारी विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
