रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। जनपद में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर काला दिवस मनाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुशल पटेल के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर से पैदल मार्च निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और तहसील मुख्यालय पहुंचकर धरना दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ तानाशाही रवैया अपना रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग उठाई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुशल पटेल ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद जब संसद भवन की ओर मार्च कर रहे थे, उस दौरान सरकार ने जिस तरह का रवैया अपनाया, उसके विरोध में कांग्रेस आज काला दिवस मना रही है। उन्होंने राहुल गांधी के कई घंटे तक आकाशवाणी के पास बैठने का भी जिक्र किया।
