रिपोर्टर: शारिक खान
रामपुर। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली को नगर विधायक आकाश सक्सेना और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता अपनाने तथा संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
जुलाई भर चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 1 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से गांवों और शहरों में साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, कूड़ा निस्तारण, झाड़ियों की सफाई, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाएगी।
घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य टीमें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई, एसएआरआई, टीबी, फाइलेरिया, कालाजार तथा कुपोषित बच्चों की पहचान करेंगी। साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक नियंत्रणात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को सुरक्षित पेयजल, हाथों की स्वच्छता, शौचालय के नियमित उपयोग तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
विधायक ने जनसहभागिता पर दिया जोर
नगर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय स्वच्छता और जनसहभागिता है। उन्होंने लोगों से अपने घर और आसपास का वातावरण साफ रखने तथा बुखार या अन्य संचारी रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच और उपचार कराने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. चहल, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. राजीव कुमार वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी संजय सिंह चौहान, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. ताहिर, सहायक मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार राय, बायोलॉजिस्ट देवेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
