रिपोर्टर: रजनीश शर्मा
हरदोई। जनपद हरदोई के सवायजपुर क्षेत्र स्थित सीएचसी गौरखेड़ा में एक प्रसूता ने स्टाफ नर्स पर रिश्वत मांगने, दुर्व्यवहार करने और उपचार में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान उसके नवजात की मौत हो गई। मामले में उसने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल की स्टाफ नर्स प्रीती ने पैसे न मिलने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और दाई के साथ मिलकर प्रसव के दौरान गलत तरीके से उपचार किया, जिससे उसे गंभीर शारीरिक चोटें आईं।
महिला का यह भी आरोप है कि उपचार में कथित लापरवाही के कारण उसके नवजात की मौत हो गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़िता का कहना है कि उसने इस संबंध में थाना सवायजपुर में शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
