रिपोर्टर: सुदेश वर्मा
बागपत। जनपद बागपत में पंचायत सचिवों का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। पंचायत सचिव प्रतिकूल प्रविष्टि वापस लेने और वेतन बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय में धरने पर बैठे हैं।
बताया जा रहा है कि करीब 60 पंचायत सचिव धरने में शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने के चलते विकास भवन परिसर में गतिविधियां प्रभावित रहीं। वहीं प्रशासनिक अधिकारी पंचायत सचिवों से वार्ता कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।
पंचायत सचिवों ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक उनका धरना जारी रहेगा। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दौर जारी है, लेकिन अभी तक किसी अंतिम निर्णय की जानकारी सामने नहीं आई है।
