रामपुर से शारिक खान की रिपोर्ट
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 का प्रथम दिवस शुक्रवार को उत्सव पैलेस में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती, बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता विकास और भाजपा के इतिहास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत लगाई गई प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और मिलक विधायक राजबाला ने किया। प्रदर्शनी में भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक विकास यात्रा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन, अंत्योदय की अवधारणा तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि संगठन की वैचारिक शक्ति ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी पहचान है।इसके बाद आयोजित उद्घाटन सत्र में भूपेंद्र चौधरी ने “कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता संगठन की सक्रियता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर निर्भर करती है। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने की।अल्प विश्राम के बाद आयोजित द्वितीय सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने “बूथ प्रबंधन” विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और प्रत्येक बूथ की मजबूती भाजपा की जीत का आधार है। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता ने की।चाय अवकाश के बाद तृतीय सत्र में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के महामंत्री हरिओम शर्मा ने “भाजपा का इतिहास और विकास” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की संगठनात्मक यात्रा, वैचारिक संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में भाजपा की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू ने की।चतुर्थ सत्र में विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजन ने “कार्यकर्ता का विकास” विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता होता है और कार्यकर्ता का वैचारिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक विकास संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उन्होंने सेवा, समर्पण और अनुशासन की भावना के साथ संगठन कार्य करने का आह्वान किया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष मोहनलाल सैनी ने की।खबर लिखे जाने तक प्रशिक्षण महा अभियान के प्रथम दिवस के चार सत्र संपन्न हो चुके थे, जबकि दो अन्य सत्र शेष थे। कार्यक्रम में कुल छह प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाने हैं। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रात्रि विश्राम कार्यक्रम स्थल पर ही करेंगे तथा दूसरे दिन पुनः प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेंगे।पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष भटनागर ने किया।कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख, मिलक विधायक राजबाला, जिला प्रभारी राजा वर्मा, निवर्तमान सांसद घनश्याम सिंह लोधी, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, ख्यालीराम लोधी, सूर्य प्रकाश पाल, सुनीता सैनी, ज्वाला प्रसाद गंगवार, बीना भारद्वाज, अभय गुप्ता, काशीराम दिवाकर, चित्रक मित्तल, दीक्षा गंगवार, हरिबाला, अर्चना गंगवार, मोहित सैनी, कुलवंत औलख, युसूफ अली, मोहन कुमार लोधी, जागेश्वर दयाल दीक्षित, रविंद्र सिंह रवि, जगपाल यादव, अर्जुन रस्तोगी, आकाश सक्सेना समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
