Homeराष्ट्रीयमुठभेड़ में ढेर हुआ आईफोन लुटेरों का नेटवर्क, 6 घंटे में पुलिस...

मुठभेड़ में ढेर हुआ आईफोन लुटेरों का नेटवर्क, 6 घंटे में पुलिस का एक्शन, 2 गिरफ्तार, 1 फरार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले में आईफोन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों पर मंसूरपुर पुलिस ने बिजली जैसी तेजी दिखाते हुए महज 6 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गोली लगने से घायल कर दबोच लिया गया, जबकि उसके साथी को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।


मामला तब सामने आया जब हापुड़ निवासी इसरार ने थाना मंसूरपुर में तहरीर देकर बताया कि बाइक सवार तीन बदमाश उसका आईफोन छीनकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की और इलाके में सघन चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान रेलवे अंडरपास के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाश भागने लगे, लेकिन बाइक फिसलने से गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान शैंकी और मनीष निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, 2120 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरे ऑपरेशन की अगुवाई थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी ने की, जिनके नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा किया। पुलिस अब फरार आरोपी राहुल की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और वारदात के बाद तुरंत कार्रवाई कर बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments