Homeराष्ट्रीयक्रिप्टो-ट्रेडिंग के नाम पर 14 करोड़ की ठगी, साइबर पुलिस ने दो...

क्रिप्टो-ट्रेडिंग के नाम पर 14 करोड़ की ठगी, साइबर पुलिस ने दो शातिर दबोचे

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध के बीच साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निवेश और क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महज सात दिनों में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की रकम फर्जी कंपनी के खाते में ट्रांसफर कराई, जबकि कुल ठगी का आंकड़ा 14 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच चुका है।


साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता गृह मंत्रालय के “प्रतिबिंब” पोर्टल से मिली अहम सूचना के आधार पर मिली। जांच में सामने आया कि एक संदिग्ध बैंक खाते में लगातार भारी ट्रांजेक्शन हो रही है। जब पुलिस ने गहराई से छानबीन की तो पता चला कि यह खाता लोगों को INVESTMENT, TRADING और CRYPTO में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अभिनव चौहान और सक्षम गुप्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर “SA SMART TRADING PVT LTD” नाम से एक फर्जी फर्म तैयार कराई और इसी के नाम पर एक्सिस बैंक में चालू खाता खुलवाया। इसके बाद विभिन्न राज्यों के लोगों को निवेश के नाम पर जाल में फंसाकर पैसे इस खाते में डलवाए जाते रहे।
चौंकाने वाली बात यह है कि इस खाते में केवल सात दिन के भीतर करीब 1.50 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। जांच के दौरान देशभर से इस खाते से जुड़ी 46 साइबर ठगी की शिकायतें सामने आईं, जिनमें कुल 14 करोड़ 8 लाख 74 हजार 944 रुपये की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्हें इस ठगी के बदले कुल रकम का एक प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया गया था। पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें कई अहम सुराग मिले हैं। अब पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है और मामले से जुड़े अन्य खातों व शिकायतों की भी जांच की जा रही है।
साइबर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क की परतें खोल दी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments