Homeराष्ट्रीयबकरी चोरी में मुठभेड़: 12 घंटे में शाहपुर पुलिस का एक्शन, 2500...

बकरी चोरी में मुठभेड़: 12 घंटे में शाहपुर पुलिस का एक्शन, 2500 का इनामी बदमाश गोली लगने के बाद दबोचा

चोरी की बकरी-बकरा बरामद, फायरिंग के बाद जंगल में घेराबंदी कर पकड़े गए दो अंतरजनपदीय पशु चोर

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना पुलिस ने पशु चोरी की वारदात का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान 2500 रुपये के इनामी बदमाश समेत दो अंतरजनपदीय पशु चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी जंगल में कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। बदमाशों के कब्जे से चोरी की गई बकरी-बकरा, अवैध तमंचे और वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद हुई है।
थानाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में शाहपुर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक कस्बा शाहपुर के मोहल्ला कस्साबान निवासी नदीम ने 6 मई को घर से बकरी चोरी होने की तहरीर दी थी। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
रात के समय पुलिस टीम कसेरवा नहर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि पशु चोरी करने वाला गिरोह इलाके में सक्रिय है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध वैगनआर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पीछा करने पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
बताया गया कि कार से उतरकर दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की तरफ भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में अरशद उर्फ फाना गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मोबीन उर्फ भूरा कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई एक बकरी, एक बकरा, दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
गिरफ्तार अरशद उर्फ फाना पर मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मेरठ समेत कई जनपदों में हत्या के प्रयास, पशु चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और लूट जैसे करीब 29 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं मोबीन उर्फ भूरा पर भी चोरी, फायरिंग और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना शाहपुर प्रभारी गजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, उपनिरीक्षक विशाल कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments