रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नगर पंचायत शाहपुर में निविदा प्रक्रिया को दरकिनार कर सड़क/नाली निर्माण का मामला सामने आते ही जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया। वार्ड-9 में नसीम के मकान से शरीफ के मकान तक प्रस्तावित 135 मीटर सड़क/नाली निर्माण कार्य की निविदा आमंत्रित किए जाने पर जिलाधिकारी को शिकायत मिली कि उक्त सड़क का कुछ हिस्सा पहले ही बनाया जा चुका है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच उपजिलाधिकारी बुढ़ाना को सौंपी। जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि निविदा में दर्शाई गई कुल लंबाई में से करीब 35 मीटर सड़क/नाली का निर्माण मै० एच०ए०सी० ट्रेडिंग एंड कॉन्ट्रेक्टर, मुजफ्फरनगर द्वारा बिना किसी निविदा प्रक्रिया के पहले ही कर दिया गया था।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से कड़ा निर्णय लेते हुए बिना निविदा के कराए गए 35 मीटर निर्माण कार्य को ‘श्रमदान’ घोषित करने और पूरी निविदा प्रक्रिया को निरस्त करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से नगर पंचायतों में ठेके और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता को लेकर सख्त संदेश गया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यों में नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

