Homeराष्ट्रीयशुकतीर्थ में अमृत कथा की वर्षा, मोरारी बापू ने सुनाया श्रीमद्भागवत का...

शुकतीर्थ में अमृत कथा की वर्षा, मोरारी बापू ने सुनाया श्रीमद्भागवत का आध्यात्मिक संदेश

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मोरना पौराणिक तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान विश्व प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान और जीवन के गूढ़ रहस्यों से अवगत कराया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
मोरारी बापू ने कथा में कहा कि श्रीमद्भागवत केवल ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाली गंगा है। जिस श्रीमुख से गंगा निकली, उसी पावन भूमि शुकतीर्थ पर अनेक महापुरुषों ने जन्म लेकर इस धरा को धन्य किया। उन्होंने राजा परीक्षित और शुकदेव मुनि के प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि आत्मा अमर है, उसे कोई नष्ट नहीं कर सकता। भगवान श्रीकृष्ण ही आदि और अंत हैं तथा उन्हीं में समस्त सृष्टि का सार समाहित है।


कथा के प्रथम दिवस का उल्लेख करते हुए बापू ने बताया कि राजा परीक्षित को भागवत श्रवण से आत्मबोध और चेतना का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि मनुष्य का स्वभाव उसके जीवन की सबसे बड़ी पहचान है। यदि किसी व्यक्ति में चतुराई या कपट का भाव है तो वह कितनी भी कथा सुन ले, जब तक भीतर परिवर्तन नहीं होगा, उसका स्वभाव नहीं बदलेगा।
मोरारी बापू ने कहा कि काशी में परीक्षित और शुकदेव की चेतना का अनुभव कठिन है, लेकिन शुकतीर्थ वह स्थान है जहां इन दोनों की दिव्य चेतना आज भी महसूस की जा सकती है। यही कारण है कि यह भूमि श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखती है।
उन्होंने आगे बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के प्रत्येक दिन शुकदेव मुनि राजा परीक्षित से पूछते थे कि कथा श्रवण से उन्हें क्या प्राप्त हुआ। दूसरे दिन परीक्षित ने उत्तर दिया कि उन्हें सीमित समय और जीवन की क्षणभंगुरता का बोध हुआ। इसी प्रकार सातों दिनों में कथा के माध्यम से उन्हें आत्मज्ञान, वैराग्य और मोक्ष का मार्ग प्राप्त हुआ।
शुकतीर्थ में चल रही कथा के दौरान भक्तों ने भक्ति रस में डूबकर कथा का आनंद लिया। कथा स्थल पर जय श्रीराम और राधे-राधे के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments