एक्सप्रेसवे पर अड़ा था किसान आक्रोश, आश्वासन की स्याही से टूटा धरना, कई दिनों से जाम के हालात आखिर हुए खत्म

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कई दिनों से उबाल मार रहा किसानों का आक्रोश आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप और राजनीतिक पहल के बाद थम गया। बिराल गांव के किसानों द्वारा मुआवजा, ट्यूबवेल, फसल नुकसान, अधूरे अंडरपास और सर्विस रोड निर्माण जैसी मांगों को लेकर चल रहा धरना आज समाप्त हो गया।
धरना स्थल पर पहुंचे भाजपा नेता नितिन मलिक और एसडीएम बुढ़ाना कृष्णकांत विश्वकर्मा ने मौके पर ही किसानों से वार्ता की। इस दौरान एनएचएआई के मैनेजर सत्यम, सीओ बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और इंस्पेक्टर सुभाष अत्री भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद माहौल में नरमी आई और किसान धरना समाप्त करने को राजी हो गए।
बताया गया कि भाजपा नेता नितिन मलिक ने जिलाधिकारी और एसएसपी से सीधे संवाद कर किसानों की हर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने अंडरपास के पूर्ण निर्माण, सर्विस रोड के काम में तेजी और मुआवजे से जुड़े मुद्दों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
धरना समाप्त होने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात भी सामान्य हो गया, जिससे राहगीरों ने राहत की सांस ली। इस दौरान कुशवाहा चौबीसी के अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष घासीराम ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य प्रमोद कश्यप, ग्राम प्रधान मन्नू ठाकुर, पूर्व प्रधान दीपक ठाकुर, ब्रह्मपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *