नवरात्रि पर मिशन शक्ति का अभियान तेज, गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं को किया जागरूक

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नवरात्रि पर्व के अवसर पर जनपद में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। थाना खतौली क्षेत्र के ग्राम लाडपुर और लिसोड़ा में मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया।
ग्राम पंचायत घर में आयोजित इस कार्यक्रम में चौकी प्रभारी लाडपुर और महिला उपनिरीक्षक खुशबू कुमारी के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भर बनने के रास्तों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना,h प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और नशा मुक्ति भारत अभियान जैसी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी गई, ताकि हर महिला इनका लाभ उठा सके।
इसके साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 102, 108, 1076, 1098 और 1930 के बारे में भी विस्तार से बताया गया। टीम ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं बिना झिझक इन नंबरों का उपयोग करें। जागरूकता बढ़ाने के लिए मौके पर पंपलेट भी वितरित किए गए।
ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते हैं। पुलिस और प्रशासन की यह पहल गांव स्तर तक सुरक्षा का भरोसा मजबूत कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *