रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के कुकड़ा गांव स्थित अहमदनगर कॉलोनी में अवैध बिजली कनेक्शन देने और बाद में उन्हें हटाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे इस प्रकरण को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले किसानों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे स्थित विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे और घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले अहमदनगर कॉलोनी में पंचायत आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों ने एक स्वर में विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।
किसानों का आरोप है कि पिछले करीब छह महीनों से कॉलोनी के 8 से 10 लोग बिजली कनेक्शन के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने कनेक्शन देने के बजाय 2 से 2.5 लाख रुपये जमा करने का दबाव बनाया। आरोप यह भी है कि कुछ लाइनमैन और संविदा कर्मियों ने मोटी रकम लेकर अवैध कनेक्शन दे दिए और जब शिकायत हुई तो उन्हीं कनेक्शनों के मीटर उखाड़ लिए गए।
चौधरी शाह आलम ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि 8 से 10 दिनों के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो किसान अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि गरीब किसानों के साथ इस तरह का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री सालिम त्यागी, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हाजी इंतजार, महासचिव महाराज जसवीर नाथ, सचिव गुफरान राणा, मंत्री चौधरी जुल्फिकार, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुदेश, प्रदेश उपाध्यक्ष अफसाना अंसारी, मंडल प्रभारी मसरूफ अहमद, मंडल अध्यक्ष साजिद सैफी, जिला अध्यक्ष योगेश उर्फ कप्तान गुर्जर समेत दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

