रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। अलविदा जुम्मा, ईद-उल-फितर और नवरात्र जैसे बड़े पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। गुरुवार को नगर क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापक फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का मजबूत संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहारों में किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें साझा न करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान देने के बजाय पुलिस-प्रशासन से सत्यापन करें।
इसके बाद अधिकारियों ने शामली स्टैंड स्थित ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। धर्मगुरुओं के साथ हुई वार्ता में भी शांति और भाईचारे को बनाए रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस-प्रशासन ने जनपद को सुरक्षा की दृष्टि से 9 जोन और 21 सेक्टर में बांटते हुए हर क्षेत्र में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
पुलिस अधीक्षक नगर ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई करें।

