रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर जिले में सियासी पारा चढ़ गया है। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए विकास भवन स्थित सीडीओ कार्यालय का घेराव किया और जोरदार प्रदर्शन के बीच ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष सत्यपाल कटारिया के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर मजदूर विरोधी नीतियां अपनाने का सीधा आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मनरेगा के तहत काम करने वाले करीब एक करोड़ मजदूर परिवारों की 75 दिनों से दिहाड़ी रोक दी गई है। लगभग 2000 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित होने से गरीब मजदूरों के सामने भूखमरी जैसे हालात पैदा हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और उदासीनता के चलते मजदूरों का जीवन संकट में है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मजदूरों का बकाया भुगतान जारी नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। जिला अध्यक्ष सत्यपाल कटारिया ने दो टूक कहा कि कांग्रेस मजदूरों और किसानों के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी और जरूरत पड़ी तो जनपद स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान कमल मित्तल, अनिल चौधरी, रिजवान अहमद सिद्दीकी, इंजीनियर सद्दाम सिद्दीकी, हकीम जफर महमूद, मजहर अब्बास, अफसाना अंसारी, हर्षवर्धन त्यागी, सचिन कुमार, नसीम त्यागी और राजीव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

