रिपोर्ट – हरीश

हमीरपुर। किसानों की समस्याओं को लेकर आज कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुये भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले पहुंचे किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली बिल माफी और पेयजल संकट सहित सिंचाई की समस्या का समाधान किए जाने की मांग उठाई।
किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल खेतों में खड़ी है, लेकिन समय पर सिंचाई नहीं हो पाने के कारण फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने मांग की है कि किसानों के बकाया बिजली बिलों को माफ किया जाए और जिन क्षेत्रों में गर्मियों के दौरान पेयजल संकट गहराता है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाध्यक्ष शिवपूजन निषाद ने कहा कि इस समय सबसे बड़ी समस्या पानी की है। चाहे वह पीने का पानी हो या खेतों के सिंचाई की। उन्होंने बताया कि मौदहा डैम से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे फसलों की पैदावार प्रभावित हो रही है।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष सोना देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन दिए जाते हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता है, समाधान नहीं होता। उन्होंने कहा कि इस बार अधिकारियों ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया है और किसान अब ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

