रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल का खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, बीती 18 फरवरी को सुजडू निवासी राशिद पुत्र इदरीश ने कोतवाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला अस्पताल से उसकी हीरो होंडा पैशन प्रो बाइक (नंबर UP12AC 2218) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
मुखबिर की सटीक सूचना पर शाहबुद्दीनपुर रोड से आरोपी गुलफाम पुत्र महमूद अली निवासी जटवाड़ा, थाना ककरौली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई, जिससे पुलिस ने राहत की सांस ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पेशेवर तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने की फिराक में रहता था। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है, ताकि उससे जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
