अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, 48 बीघा जमीन पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कैराना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त की प्रेरणा और प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता मीना के निर्देशों पर मंगलवार को कैराना के खैलकलां और बाईपास क्षेत्र में चल रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया।
प्राधिकरण की टीम ने खैलकलां गांव में इमरान पुत्र सलामतुल्ला द्वारा करीब 20 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह तोड़ दिया। वहीं शाहदीन पुत्र नूरा द्वारा लगभग 26 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही प्लॉटिंग पर भी कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त किया गया। इसके अलावा कैराना बाईपास पर लोकेश गोयल, राजीव मलिक और सन्नी जैन द्वारा करीब 2 बीघा जमीन पर की जा रही व्यावसायिक प्लॉटिंग को भी जमींदोज कर दिया गया।
बताया गया कि इन सभी भू-स्वामियों को पहले ही प्राधिकरण द्वारा नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी जारी किए गए थे, लेकिन आदेशों की अनदेखी करते हुए अवैध प्लॉटिंग जारी रखी गई। जिसके बाद प्राधिकरण ने सख्ती दिखाते हुए मंगलवार को तीनों स्थानों पर एक साथ कार्रवाई कर करीब 48 बीघा भूमि पर हो रहे अवैध विकास को समाप्त कर दिया।
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संबंधित थाने की पुलिस फोर्स भी तैनात रही। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना रहा और अन्य अवैध प्लॉटिंग करने वालों में भी खौफ देखा गया।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग या निर्माण कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *