रिपोर्ट – हरीश

हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डा. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना द्वारा हमीरपुर महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रेस वार्ता की गयी।
प्रेस वार्ता के दौरान जनपद के मीडियाकर्मियों से भी सुझाव प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 23 से 27 मार्च तक मुख्यालय के चौरा देवी प्रांगण में हमीरपुर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें अपनी संस्कृति और विरासत का वृहद प्रचार-प्रसार करना इसका मुख्य उद्देश्य है। महोत्सव के दौरान आम जनमानस को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय प्रदर्शनी तथा अपने जनपद के ओडीओपी उत्पादों सहित अन्य जनपदों के ओडीओपी उत्पादों के स्टाल भी उपलब्ध रहेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर के विशिष्ट कलाकारों को भी स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया है कि महोत्सव को लाभकारी व ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की गोष्ठियों जैसे किसान, वन एवं पर्यावरण आदि का भी आयोजन किया जायेगा। बच्चों के लिए ड्रोन शो, स्पेस लैबोरेटरी, प्लनेटोरियम आदि कार्यक्रमों को रखा जा रहा है। इसके साथ ही मुख्य कार्यक्रमों में भजन संध्या, कॉमेडी नाइटस, यमुना आरती, लोक नृत्य व लोक संगीत आदि भी शामिल रहेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान सीडीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, सूचना अधिकारी सतीश कुमार, पर्यटन सूचना अधिकारी चित्रगुप्त सिंह सहित अनेक मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

