जिला महिला चिकित्सालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य समारोह

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय में सोमवार को उत्साह और गरिमा के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभा आत्रेय के सम्मान समारोह से हुई। चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार एवं स्टाफ ने उन्हें शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 की अंतरराष्ट्रीय थीम “Give To Gain” और “Rights, Justice, Action For All Women & Girls” पर आधारित विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें महिला अधिकारों, कार्यस्थल पर सुरक्षा और समान अवसरों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस मौके पर स्थानीय समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने उपस्थित कर्मचारियों को POSH Act 2013 (कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न की रोकथाम अधिनियम) के बारे में विस्तृत जानकारी दी और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चिकित्सालय की कर्मचारी अनुराधा, संध्या, गुड्डी और नीरू ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं कार्यशाला में नीरू ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह के सफल आयोजन में हेल्प डेस्क मैनेजर सुश्री सबा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभा आत्रेय ने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
महिला दिवस के इस आयोजन ने चिकित्सालय परिसर में महिला सशक्तिकरण और सम्मान का संदेश देने के साथ-साथ सभी को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *