रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेरठ रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग द्वारा “सशक्त नारी – समृद्ध उत्तर प्रदेश” थीम पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद गीता शाक्य और प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए महिलाओं और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि आज की नारी केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सम्मान और गौरव का स्थान प्राप्त रहा है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, उद्यमिता और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के दम पर देश को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कौशल विकास और शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने छात्राओं और महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर की क्षमता को पहचानें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव की अग्रदूत बनें।
प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “सशक्त नारी – समृद्ध उत्तर प्रदेश” केवल एक नारा नहीं बल्कि सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं तो पूरा समाज और राष्ट्र मजबूत होता है। प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वरोजगार और कौशल विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनके माध्यम से लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई और कौशल विकास संस्थान महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता के माध्यम से सशक्त बनाना तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को और मजबूत करना था। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन अमिता चौधरी ने किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक सुशीला अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष कविता सैनी, अंजलि चौधरी, आँचल तोमर, ममता अग्रवाल, जिला महामंत्री रेनू गर्ग, रीना अग्रवाल, बबीता गुप्ता, कविता मीणा, चंचल सक्सेना, मोनिका, सरिता अरोरा, पारुल सिंघल, सोनम सिंह, पूनम चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, शिक्षकगण, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्राएं तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

