रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र की उपस्थिति में 14 एवं 15 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के सफल एवं, शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों एवं परीक्षा केंद्र प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, शुचिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सभी अधिकारी गहनता से अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा का संचालन व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य नामित अधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य,, रूप से रखना होगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उसे प्रदर्शित करना होगा।
पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने कहा कि परीक्षा केंद्रों की पूर्व जांच, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जाए। किसी भी स्तर पर परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता भंग नहीं होनी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में व्यवधान डालने या अनुचित गतिविधि करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

