मुज़फ़्फ़रनगर में त्योहारों पर शांति का संदेश, डीएम की दो टूक—नई परंपरा नहीं, सौहार्द से मनें होली-रमजान

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। आगामी होलिका दहन, होली, नवरात्रि और ईद-उल-फितर (रमजान) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में कानून-व्यवस्था, आपसी सौहार्द और परंपरागत ढंग से त्योहार मनाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि जनपद में त्योहार हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाते रहे हैं, इस परंपरा को हर हाल में कायम रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि होलिका दहन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। “एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान ही हमारी असली ताकत है,” उन्होंने कहा।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को त्योहारों के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही बिजली, पानी और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश नगर पालिका व संबंधित विभागों को दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें।
वहीं पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने कहा कि होली के मद्देनजर यातायात अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित त्योहार मनाने की अपील की।
प्रशासन ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, त्योहारों से पूर्व स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और स्थानीय लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पीस कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि जनपद में अमन-चैन और सौहार्द बनाए रखते हुए सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने अंत में जनपदवासियों को आगामी त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब है, इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *