रिपोर्ट – हरीश


हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डा. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में राज्य मंत्री जलशक्ति एवं प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता एवं अध्यक्ष जिला पंचायत जयन्ती राजपूत, सदर विधायक डा. मनोज कुमार प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष शकुन्तला निषाद व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जनपद के विकास कार्यो एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की गयी।
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा जनपद में अन्ना पशुओं की समस्या, उर्वरक की उपलब्धता, विकास कार्यो की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति, विद्युत आपूर्ति, सड़कों के गड्ढामुक्त, राजकीय नलकूपो का संचालन, स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून व्यवस्था, गौशालाओं में गौवंशो के संरक्षण, कृषि विभाग एवं समाज कल्याण की योजनाओं के क्रियान्वयन आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गयी। उन्होने कहा कि जनपद के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के मुताविक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करायी जाए। अवैध वसूली में लिप्त जेई व लाइनमैनों पर कड़ी कार्यवाही हो। जनपद की चिकित्सा व्यवस्था बेहतर रहे, इसके लिए प्रयास किया जाए। स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज देने का प्रयास हो। डॉक्टर्स बाहर की दवा कदापि न लिखें, यथा संम्भव चिकित्सीय जॉचें जिला अस्पताल में ही सुनिश्चित करायी जाएं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि हर घर जल योजना के तहत संयोजित घरों में हर हाल में पानी पहुॅचे। गौशालाओं में गौवंशों का रख रखाव बेहतर ढंग से किया जाए। कोई भी गौवंश छुट्टा न दिखे। किसानो को वन गायों की समस्या से निजात दिलाने हेतु बनायी गयी कार्ययोजना को अमल में लाया जाए। जनपद की कानून व्यवस्था को दुरूस्त रखा जाए। यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रहे, महिला अपराधों पर अंकुश लगाया जाए। गिरोहबंद लोग जो अवैध करोबार में लिप्त है, उन पर कार्यवाही करने में किसी प्रकार संकोच न करें। अवैध परिवहन व ओवरलोडिंग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया जाए। होली के त्यौहार के दृष्टिगत जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगायी जाए। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। राजकीय नलकूपों का संचालन नियमित रूप से हो ताकि किसानो की फसलो की सिंचाई बाधित न हो। आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के संबंध में उन्होने निर्देश दिए कि जनसामान्य की शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण किया जाए ताकि शिकायतकर्ता असंतुष्ट न हो।
बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक डा. दीक्षा शर्मा, नगर पालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद सहित जनपद स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी आदि मौजूद रहे।
