दिन दहाड़े शातिर चोरों ने किसान के घर से पार कर दी लाखों की ज्वैलरी और नकदीराजेन्द्र सिंह धुऑंधार

Spread the love

कन्नौज। शातिर चोरों ने एक बार फिर एक किसान के आवास पर निशाना साधने के बाद लाखों रुपए की ज्वैलरी और नकदी पर हांथ साफ कर दिया। घर पर बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। वारदात की जानकारी पर जहां परिजनों में हड़कंप मच गया, वहीं घर के मुखिया को मामले की जानकारी हुई तो उनकी तबियत बिगड़ गई और उनको उपचार हेतु हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ठठिया थाना क्षेत्र के मौजा जनखत के गांव पहाड़ीपुर निवासी सुरेश सिंह के गांव में दो मकान हैं। पुराना घर गांव के अंदर जबकि नया घर गांव के बाहर कुछ दूरी पर स्थित है। दिन में घर के सदस्य गांव के बाहर बने मकान में अधिकतर रहते हैं, जबकि रात के समय सभी लोग पुराने मकान में रहते हैं।
शनिवार को भी जब सुरेश अन्य परिजनों के साथ दिन के समय अपने नये घर पर गए हुए थे, इसी दौरान शातिर चोरों ने उनके गांव में स्थित पुराने घर को निशाना बनाया। दिनदहाड़े चोरों ने घर के ताले तोड़ने के बाद घर पर मौजूद करीब तीन लाख रुपए की नकदी और ज्वैलरी पर हांथ साफ कर दिया।
देर सायं किसान सुरेश अपने परिजनों के साथ जब गांव में बने घर पर वापस लौटे तो हड़कंप मच गया। घर के ताले टूटे देख जब घर के अंदर देखा गया तो लाखों की नकदी और ज्वैलरी गायब थी। शोर गुल पर गांव के ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।
चोरी की वारदात के सदमे से मौके पर मौजूद गृह स्वामी किसान सुरेश बेहोश होकर जमीन पर गिर गए, जिन्हें परिजनों द्वारा उपचार हेतु स्थानीय हॉस्पिटल ले जाया गया।
फिलहाल उनकी हालत में सुधार था।
मामले की जानकारी पर सुरेश के बड़े भाई राजेंद्र ने थाना पुलिस को लिखित सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी।
गृह स्वामी सुरेश ने बताया कि, उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें उनकी बेटी कोमल सबसे बड़ी है और उसकी शादी की तैयारियां चल रही हैं। अभी शादी की तारीख निश्चित नहीं हुई है।
किसान ने बताया कि हाल ही में भैंस को बेंचा गया था, उस बिक्री की रकम के अलावा अन्य प्रकार से जुटाई गई रकम शादी के कारण ही घर पर करीब तीन लाख रुपए की नकदी और ज्वैलरी रखी हुई थी।
जो बीती रात घटी घटना में चोरी चली गई।
घर पर चोरी की वारदात से जहां परिजनों का हाल बेहाल है, वहीं परिजनों द्वारा मामले की लिखित शिकायत थाना पुलिस से किए जाने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
थाना प्रभारी देवेश कुमार के मुताबिक तहरीर मिली है जांच कर मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *