मुठभेड़ में दबोचे गए 15 लाख के गांजे के तस्कर, एक बदमाश घायल

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत थाना छपार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बरला-देवबंद मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत का 30 किलोग्राम गांजा, अवैध तमंचा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।


सोमवार को थाना छपार पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेतानंगला की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिस को चकमा देकर ईख के खेतों में भाग निकले। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान इन्तखाब पुत्र अब्दुल सलाम निवासी भैंसरहेड़ी के रूप में हुई है, जबकि उसके साथी साहिल सलमानी निवासी मिमलाना रोड, कलीम कॉलोनी को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा से सूटकेस में गांजा मंगवाकर बस के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सप्लाई करते थे। इस बार भी देवबंद में खेप मंगाकर आगे सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते पकड़े गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इनके नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष मोहित कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में नशे के कारोबार पर करारा प्रहार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *