विवाह संस्कार में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


रिपोर्ट विरेंद्र तोमर बागपत
बागपत/बड़ौत। सामाजिक संस्था आँखें मीडिया सोशल नेटवर्क द्वारा संचालित विवाह संस्कार में पौधा रोपण संस्कार अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। अभियान के तहत दुलहन बनी तुलसी, सुपुत्री डॉ. राजीव कुमार उपाध्याय, निवासी बड़ौत, को संस्था के पर्यावरण रक्षक युवराज सूर्या उपाध्याय एवं समाजसेवी आर.आर.डी. उपाध्याय ने पौधा भेंट किया। इस अवसर पर दुलहन को शादी की प्रत्येक वर्षगांठ पर पौधा रोपण करने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का महत्व रेखांकित करते हुए युवराज सूर्या उपाध्याय ने कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक अपनी शादी की वर्षगांठ और जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर पौधा रोपण करे, तो सरकार और सामाजिक संस्थाओं को अलग से पौधारोपण अभियान चलाने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे संकल्प मिलकर बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।
समाजसेवी आर.आर.डी. उपाध्याय ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता मानवता की सच्ची पहचान है। ऐसे संस्कार आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाते हैं और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराते हैं।इस अवसर पर विमला, सरिता देवी, दामिनी, जाह्नवी, अदिति, मदनपाल, डॉ. राजीव कुमार उपाध्याय, तेजस, वामिका, नीशु, कबीर, रोहित, विराट, वीर अभि, लव, कृष्णा, विजय, तृषपाल, पंकज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में अपनाने का आह्वान किया।
