रिपोर्ट – हरीश

हमीरपुर। मंडल रेल प्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे झांसी ने शनिवार को अपराह्न 3 बजे यमुना साउथ बैंक एवं भरुआ सुमेरपुर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जनरेटर रूम, जेई सिग्नल रूम, ड्यूटी रूम टेलीकॉम, वेटिंग रूम के साथ रेलवे स्टेशन के संचालन रूम आदि का निरीक्षण किया। आईपीएस बैटरी रूम बंद पाए जाने तथा सिग्नल सिस्टम में खामियों को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सहायक स्टेशन मास्टर सहित अन्य संबंधित को नोटिस देने का आदेश देकर जवाब मांगा है।

शनिवार को अपराह्न 3 बजे मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने यमुना साउथ बैंक रेलवे स्टेशन के पास यमुना नदी पर बन रहे नए रेलवे पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद वह कस्बे के रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पर उन्होंने रेलवे संचालन की व्यवस्थाओं का गहनता के साथ निरीक्षण किया। आईपीएस बैटरी रूम बंद होने तथा स्टेशन के संचालन रूम में सिग्नल सिस्टम में खामियां पाई जाने पर सहायक स्टेशन मास्टर विनय कुमार सहित अन्य को कड़ी फटकार लगाते हुए नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल प्रबंधक वाणिज्य अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता टेलीकॉम रश्मि गौतम, मंडल परिचालन प्रबंधक उर्वशी शेखावत, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन आदि मौजूद रहे।

