रिपोर्ट – हरीश

हमीरपुर। शनिवार को पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने सदर कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, लॉकअप, अपराध रजिस्टर, महिला एवं साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, ई-मालखाना और मैस का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित सीसीटीवी प्रणाली की भी जांच की। अभिलेखों की गुणवत्ता और उनके अद्यतन रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की, साथ ही स्वच्छ एवं नागरिक-अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा और ‘मिशन शक्ति’ अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए, जिसमें महिला एवं साइबर हेल्पडेस्क को अधिक सक्रिय करने पर बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त, आमजन को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के साथ-साथ पोर्टल cybercrime.gov.in के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि थाने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण तथा त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।

