रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर शनिवार को थाना रतनपुरी परिसर में आयोजित समाधान दिवस में पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ सक्रिय नजर आया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महादिक अक्षय संजय ने स्वयं मौजूद रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शत-प्रतिशत निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस समाधान दिवस में दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं। एसपी ग्रामीण ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विशेष रूप से महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी संवेदनशील मामलों में तत्परता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने आमजन को साइबर अपराध और ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी और बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
समाधान दिवस के दौरान थाना प्रभारी रतनपुरी राकेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रशासन की सक्रियता से फरियादियों को राहत की उम्मीद जगी और लोगों ने मौके पर ही समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को लेकर संतोष भी जताया।

