संगिनियों को दिए गए बीमार नवजातों की समय से पहचान व भर्ती के निर्देश


रिपोर्ट सुदेश वर्मा
बागपत/बड़ौत/ बिनौली
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिनौली में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित गुप्ता की अध्यक्षता में नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू) की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य 0 से 28 दिन तक के बीमार नवजात शिशुओं की समय रहते पहचान, त्वरित उपचार तथा एनबीएसयू सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।बैठक में संगिनियों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आउटरीच गतिविधियों को सशक्त बनाएं और समुदाय में किसी भी बीमार नवजात शिशु की पहचान होते ही उसे तत्काल एनबीएसयू में भर्ती कराना सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती दिनों में सही उपचार मिलने से नवजात मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।गौरतलब है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिनौली में संचालित एनबीएसयू में कुपोषण, सांस लेने में कठिनाई, पीलिया, शरीर का अत्यधिक ठंडा या गर्म होना, नवजात का सुस्त पड़ जाना अथवा नीला पड़ जाना जैसी गंभीर स्थितियों से ग्रसित शिशुओं का समुचित उपचार किया जाता है। यहां प्रशिक्षित चिकित्सक व स्टाफ नर्सों की देखरेख में नवजातों की विशेष निगरानी की जाती है।
बैठक में जनपद से आए परामर्शदाता श्री पुखराज एवं एनबीएसयू के नोडल अधिकारी डॉ. शोमिन बल्यान ने संगिनियों को एनबीएसयू में नवजात शिशुओं को भर्ती कराए जाने से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 0 से 28 दिन तक के किसी भी बीमार नवजात को देरी किए बिना अस्पताल पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित गुप्ता ने सुझाव दिया कि एनबीएसयू से डिस्चार्ज होने के बाद भी नवजात शिशुओं का नियमित फॉलो-अप एवं रिव्यू किया जाए। उन्होंने कहा कि परिजनों से निरंतर संपर्क बनाए रखने से न केवल शिशु के स्वास्थ्य की निगरानी बेहतर होगी, बल्कि समुदाय में अस्पताल के प्रति विश्वास और सकारात्मक संवाद भी स्थापित होगा।इसी क्रम में परामर्शदाता श्री पुखराज ने एनबीएसयू की स्टाफ नर्सों को निर्देश दिए कि प्रत्येक संस्थागत प्रसव के उपरांत जन्मे नवजात शिशु के परिजनों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर शिशु के स्वास्थ्य की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त की जाए, ताकि किसी भी संभावित समस्या की समय रहते पहचान हो सके।
बैठक के दौरान ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक श्री परवीन कुमार, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक श्री प्रमोद कुमार, समस्त संगिनियां, स्टाफ नर्स सोनिया, स्टाफ नर्स ललिता सहित अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
