जुए के कर्ज की देनदारी से बचने के लिए दोस्तों ने की थी अनिल सिंह की नृशंस हत्या,लोनार में मुठभेड़ के बाद खुला हत्या का राज

Spread the love

रिपोर्ट – रजनीश शर्मा

हरदोई। हरदोई के लोनार थाना क्षेत्र में हुई गेस्ट हाउस संचालक अनिल कुमार सिंह उर्फ नीशू सिंह की हत्या का सच आखिरकार पुलिस मुठभेड़ के बाद सामने आ गया।खेत में मिले शव ने इलाके में सनसनी फैला दी थी,अनिल सिंह की बांके से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई थी और खून से सना बांका उनके शव के पास से बरामद किया गया था।लेकिन असली कहानी तब खुली जब पुलिस ने मुख्य आरोपी सत्यम को मुठभेड़ के बाद पैर में गोली मारकर दबोच लिया।

दरअसल यह कोई साधारण रंजिश नहीं थी, बल्कि जुए के कर्ज का खतरनाक खेल था। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अनिल सिंह अपने दोस्तों को जुआ खेलने के लिए पैसे उधार देता था। खेल में लगातार हार के बाद कर्ज बढ़ता गया। जब अनिल ने अपने पैसे वापस मांगे, तो दोस्तों ने ही उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। इसी विवाद में अनिल को घेरकर उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उसे मौत के घाट उतार दिया गया।

17 फरवरी की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बावन कस्बे के पास घेराबंदी की। बाइक सवार आरोपी सत्यम ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए गए।

घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दोस्ती, भरोसा और जुए की लत—इन तीनों ने मिलकर एक जान ले ली। लोनार की इस वारदात ने साफ कर दिया कि कर्ज और लालच जब सिर चढ़कर बोलते हैं, तो रिश्ते भी खून से रंग जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *