रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। मरदह क्षेत्र के मां सरस्वती पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज में डी-फार्मा के एक छात्र की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार विपुल यादव पुत्र जयप्रकाश यादव, निवासी नसीरपुर डाढ़ी, थाना मरदह, कॉलेज में अध्ययनरत था।
मंगलवार दोपहर बाद विपुल कॉलेज की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। कॉलेज कर्मचारियों ने तत्काल एम्बुलेंस से उसे इलाज के लिए मऊ ले जाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को अपने गांव ले गए।
कॉलेज के चेयरमैन विजय यादव ने बताया कि वे उस समय लखनऊ में थे। उन्हें मिली जानकारी के अनुसार विपुल चौथी मंजिल की छत पर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था और बातचीत के दौरान ही छत से नीचे कूद गया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस संबंध में कासिमाबाद के क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना कैसे हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हैरानी की बात यह है कि चार मंजिला इमारत से गिरने के बावजूद युवक के शरीर पर कहीं भी स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए, जिससे मामला और भी संदिग्ध बन गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी।
