स्वास्थ्य केंद्रों पर सीएमओ का छापा, अव्यवस्थाओं पर सख्त चेतावनी

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शनिवार को अचानक मोर्चा संभाल लिया। सीएमओ ने शाहपुर, बुढ़ाना और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, ओपीडी संचालन और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई। कई स्थानों पर सुधार की जरूरत मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
सबसे पहले सीएमओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर पहुंचे, जहां अधीक्षक डॉ. ओ.पी. जायसवाल की मौजूदगी में अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया गया। यहां स्वच्छता व्यवस्था, ओपीडी संचालन और दवा वितरण प्रणाली को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके बाद सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रणव तेवतिया को अस्पताल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने, रिकॉर्ड संधारण दुरुस्त रखने और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनू कश्यप की उपस्थिति में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सीएमओ ने मरीजों को समयबद्ध उपचार देने, टीकाकरण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से चलाने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने साफ कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई तय है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों का स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *