विवाह का पवित्र रिश्ता हुआ शर्मसार, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची हत्या की साजिश

Spread the love

अवैध संबंधों में बाधक बने पति को रास्ते से हटाया, 24 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

रिपोर्ट – कबीर



मुज़फ्फरनगर। जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित गांव मलीरा में सामने आई दिल दहला देने वाली वारदात ने न केवल पूरे शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी स्तब्ध कर दिया है। सात फेरों के बंधन में बंधी पत्नी ने अपने ही पति के खिलाफ ऐसी खौफनाक साजिश रची, जिसने विवाह जैसे पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मौत की पटकथा लिख डाली।
जंगल में मिला शव, मचा हड़कंप

15 फरवरी की सुबह गांव मलीरा के जंगल में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर थाना कोतवाली नगर पुलिस और संबंधित चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान संदीप पुत्र भंवर सिंह निवासी ग्राम मलीरा के रूप में हुई। उसके सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हो गया कि यह सुनियोजित हत्या है।
मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और साक्ष्य एकत्र किए गए। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया।

शक की सुई घर के भीतर ही घूमी

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पारिवारिक हालात और निजी संबंधों की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी और उसके रिश्ते में लगने वाले युवक के बीच प्रेम संबंध थे।
बताया गया कि मृतक को जब इस संबंध की भनक लगी तो उसने पत्नी की गतिविधियों पर सख्ती कर दी और बाहर की नौकरी छोड़कर घर पर रहने लगा। दोनों के मिलने-जुलने पर रोक लगने से नाराज होकर उन्होंने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी वारदात

पुलिस के अनुसार साजिश के तहत पहले पति को अचेत करने की योजना बनाई गई। मौका मिलते ही उसे नींद की गोलियां दी गईं। जब वह गहरी नींद में चला गया तो प्रेमी को बुलाया गया। इसके बाद बेरहमी से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

वारदात के बाद शव को

मोटरसाइकिल पर रखकर गांव के बाहर चकरोड के पास घास-फूस में फेंक दिया गया, ताकि मामला अज्ञात हत्या का लगे। खून से सने कपड़े और हत्या में प्रयुक्त हथियार को नाले में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।

24 घंटे में गिरफ्तारी, बरामद हुआ हथियार

थाना कोतवाली नगर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 16 फरवरी को दोनों आरोपियों को बस स्टैंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
शहर में चर्चा, रिश्तों पर सवाल
इस सनसनीखेज हत्याकांड की चर्चा पूरे मुज़फ्फरनगर शहर में है। गांव की चौपालों से लेकर शहर की गलियों तक लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। जिस घर में कभी हंसी-खुशी का माहौल था, वहीं से निकली इस साजिश ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जब विश्वास की जगह विश्वासघात ले लेता है, तो अंजाम कितना भयावह हो सकता है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *