Headlines

उ0नि0 सोनू कुमार की अगुवाई में कोतवाली नगर पुलिस का सटीक प्रहार, अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी दर्ज की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उपनिरीक्षक सोनू कुमार की सक्रिय भूमिका और तत्पर कार्रवाई के चलते अवैध असलहा तस्करी में लिप्त तीन युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 19 जनवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे हॉस्पिटल के पास बिजली घर वाली गली में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। मौके पर मौजूद उ0नि0 सोनू कुमार, कांस्टेबल 303 विनीत कुमार और कांस्टेबल 1407 स्वीश कुमार की सूझबूझ से तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पिस्टल .32 बोर, दो जिंदा कारतूस .32 बोर, दो तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किए गए, जो सभी अवैध पाए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हर्षित चौधरी निवासी आदर्श कॉलोनी नई मंडी, अर्नव राठी निवासी ग्राम सौंटा थाना मंसूरपुर और यश शिवाज निवासी खानपुर थाना खतौली के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 21 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि अवैध हथियारों की सप्लाई किस नेटवर्क से जुड़ी है।
पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से किसी बड़ी वारदात की आशंका को टाल दिया गया। अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। कोतवाली नगर पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में साफ तौर पर डर का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *