रिपोर्ट – मो0 नसीम

बाराबंकी। कड़ाके की ठंड के बीच हैदरगढ़ तहसील प्रशासन ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई। तहसील क्षेत्र के फतेहगंज में ग्रामीण विकास संस्थान के तत्वावधान में मकर संक्रांति के अवसर पर कंबल वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें तहसीलदार हैदरगढ़ श्रीमती कविता ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार कविता ठाकुर ने स्वयं अपने कर-कमलों से दर्जनों विकलांग बच्चों को खाद्य सामग्री वितरित की तथा सैकड़ों वृद्ध एवं विधवा महिलाओं को ठंड से बचाव हेतु कंबल प्रदान किए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और सम्मान की मुस्कान साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर तहसीलदार कविता ठाकुर ने कहा कि कंबल केवल कपड़ा नहीं, बल्कि प्रशासन की संवेदनशीलता और भरोसे की गर्माहट हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकलांग बच्चे, वृद्धजन और असहाय महिलाएं प्रशासन की प्राथमिकता हैं और सरकार उन्हें कभी अकेला नहीं छोड़ेगी।

कार्यक्रम में राजस्व निरीक्षक उमेश साहू, हल्का लेखपाल रूबी यादव, दीपाली सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान तहसीलदार कविता ठाकुर जरूरतमंदों से संवाद करती रहीं और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
स्थानीय लोगों ने तहसील प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब प्रशासन ज़मीन पर उतरकर काम करता है, तभी असली राहत जरूरतमंदों तक पहुंचती है
