Headlines

अहलावत स्टेडियम में गरजी ‘आयुष्मान चैलेंजर’, सीएचसी बघरा पर 180 रन का पहाड़ बनाकर दर्ज की धमाकेदार जीत

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भैंसी स्थित अहलावत स्टेडियम में चल रहे हेल्थ डिपार्टमेंट क्रिकेट टूर्नामेंट में सीएमओ ऑफिस की आयुष्मान चैलेंजर क्रिकेट टीम ने कप्तान पाकेश की अगुवाई में सीएचसी बघरा को करारी शिकस्त देकर मैदान मार लिया। मुकाबला रोमांच, रणनीति और आक्रामक खेल का संगम साबित हुआ, जिसमें आयुष्मान टीम हर मोर्चे पर भारी पड़ी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयुष्मान चैलेंजर टीम ने शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाए। निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 180 रन का मजबूत लक्ष्य खड़ा कर विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया। पारी के नायक डॉ. शिव रहे, जिन्होंने शानदार 92 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच की दिशा तय कर दी। उनके साथ गौरव उपाध्याय, अफाक कुरैशी, कुलदीप, उद्देश्य सिंह और रघु ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को मजबूती दी।
जवाब में उतरी सीएचसी बघरा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। आयुष्मान टीम के ऑलराउंडर काव्य शर्मा ने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर सलामी बल्लेबाज मोहित को बोल्ड कर विपक्षी खेमे में सनसनी फैला दी। इसके बाद सौरभ पांचाल और गौरव उपाध्याय ने तीन-तीन विकेट चटकाकर बघरा की कमर तोड़ दी, जबकि डॉ. शिव ने दो विकेट झटके। कप्तान पाकेश और रघु ने भी सधी हुई गेंदबाजी कर रनगति पर लगाम कसी।
मैच का एक और आकर्षण रहा डॉ. आदित्य की चुस्त विकेटकीपिंग, जिन्होंने चार बल्लेबाजों को स्टंप आउट कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सीएचसी बघरा की ओर से राहुल ने सर्वाधिक 76 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। अंकित, असलम, अमित और मोहित ने गेंदबाजी में प्रयास किए, पर आयुष्मान के सामने टिक नहीं पाए।
मुकाबले के बाद टूर्नामेंट आयोजक डॉ. विपिन ने विजेता टीम को बधाई देते हुए उनके खेल और अनुशासन की सराहना की। इस दौरान नरेश, मोमिन, दीपक, कपिल, मोनू अहलावत और सुवीर अहलावत समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
अहलावत स्टेडियम में गूंजती तालियों के बीच आयुष्मान चैलेंजर की यह जीत पूरे हेल्थ विभाग के लिए गर्व का क्षण बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *