Headlines

बेहटा टीकारामन बाबा धाम गोमती नदी पर पक्के पुल का शिलान्यास सम्पन्न, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – मोहम्मद नसीम

बाराबंकी। हैदरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत बेहटा टीकारामन बाबा धाम के पास गोमती नदी पर प्रस्तावित पक्के पुल के निर्माण हेतु शिलान्यास समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सतीश शर्मा, क्षेत्रीय विधायक दिनेश रावत सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्प अर्पित कर नमन के साथ की गई। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर पुल का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। पुल निर्माण से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसकी स्वीकृति मिलना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि पुल बनने से विशेष रूप से बरसात के समय होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी।
उन्होंने आगे भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गांवों का तेजी से विकास हो रहा है। 1 अप्रैल से पेंशन राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है। साथ ही हैदरगढ़ और दरियाबाद क्षेत्र में औद्योगिक पार्क की रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिससे लगभग 20,000 लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ पार्टियां केवल परिवारवाद को बढ़ावा देती रही हैं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रामकिशोर मिश्रा, रामदेव सिंह, आरती रावत, अरुण शुक्ला, मोहित, राजेश विश्वकर्मा, मोनू सिंह, सुशील जायसवाल, धर्मराज पांडेय, आशुतोष दीक्षित, संतोष शुक्ला, अखिलेश मिश्रा, सोनू सिंह (प्रधान), गौरव सिंह (प्रधान), संदीप मिश्रा (प्रधान) सहित समाजसेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *