Headlines

अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी ने तहसील रामनगर में जनगणना प्रशिक्षण का किया निरीक्षण

Spread the love

22 मई से 20 जून तक चलेगा मकान सूचीकरण एवं गणना का प्रथम चरण

डिजिटल तकनीक से पारदर्शी व त्रुटिरहित जनगणना का लक्ष्य, पहली बार स्वगणना की सुविधा

रिपोर्ट – संदीप वर्मा

बाराबंकी। जनपद में प्रस्तावित जनगणना 2027 की तैयारियों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी / प्रमुख जनगणना अधिकारी शशांक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/ जिला जनगणना अधिकारी निरंकार सिंह द्वारा तहसील रामनगर स्थित प्रशिक्षण स्थल सहित अन्य का औचक निरीक्षण किया गया।उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति, तकनीकी व्यवस्था एवं प्रशिक्षकों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण को गंभीरता से लें तथा प्रत्येक बिंदु को भली-भांति समझकर ही फील्ड में कार्य करें, जिससे जनगणना कार्य शत-प्रतिशत शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।

जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य दिनांक 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक भवन, आवासीय एवं गैर-आवासीय इकाइयों का विवरण एकत्र किया जाएगा, जो आगामी जनसंख्या गणना के लिए आधार तैयार करेगा।

जनपद बाराबंकी में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। तहसील फतेहपुर में 360 प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को 18 फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित किया गया है। इसी प्रकार तहसील सिरौलीगौसपुर, रामसनेहीघाट, हैदरगढ़, रामनगर एवं नगर पालिका नवाबगंज में कुल 1487 प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को 58 फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। प्रशिक्षण में हाउस लिस्टिंग, मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग, डेटा एंट्री प्रक्रिया, सत्यापन एवं फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

समस्त प्रशिक्षण कार्यक्रम स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे प्रतिभागियों को डिजिटल उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। इसकी सतत मॉनिटरिंग सहायक निदेशक जनगणना अजय सिंह भारती एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा की जा रही है, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित बनी रहे।

इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से संकलित समस्त डेटा रियल टाइम में सर्वर पर उपलब्ध रहेगा। इससे न केवल डेटा की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, बल्कि समयबद्ध विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग में भी सहूलियत मिलेगी।

विशेष रूप से, इस जनगणना में पहली बार नागरिकों को स्वगणना (Self Enumeration) का अवसर प्रदान किया गया है। इसके अंतर्गत नागरिक दिनांक 07 मई से 21 मई 2026 तक निर्धारित पोर्टल पर लॉगिन कर स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह पहल जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं आधुनिक बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *