रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में चौकी बघरा के सामने सड़क पर हुआ झगड़ा अब आरोपियों पर भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद हरकत में आई तितावी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो पुरुषों और चार महिलाओं समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि 16 अप्रैल को ग्राम सैदपुर खुर्द निवासी दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर ही मारपीट और हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
थानाध्यक्ष तितावी के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उनके घरों से दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में पालो पत्नी धूमसिंह, बबली पुत्री धूम सिंह, पूनम पत्नी काला, मेनका पत्नी सोनू, सचिन उर्फ छोटू पुत्र धूमसिंह और सोनू पुत्र ओमवीर शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम सैदपुर खुर्द के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
सड़क पर खुलेआम झगड़े का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का हंगामा आमजन के लिए परेशानी का कारण बनता है, जिस पर सख्ती जरूरी है।

