Headlines

फर्जी बैनामे का बड़ा खेल बेनकाब: 28 लाख की ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 10.50 लाख नकद बरामद

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। थाना शाहपुर पुलिस ने जमीनों के फर्जी बैनामे के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने 10.50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से जिले में लंबे समय से चल रहे जमीन फर्जीवाड़े के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सौरम निवासी सबाकरीम से भूमि के फर्जी कागजात तैयार कर बैनामा कराने का झांसा देकर जुलाई से नवंबर 2025 के बीच किस्तों में कुल 28 लाख रुपये हड़प लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना शाहपुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान ठगी, जालसाजी और धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई।


मंगलवार को पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर सोरम गेट नंबर-02 से दो वांछित अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर उर्फ राजू निवासी शाहडब्बर (थाना बुढ़ाना) और इस्लाम उर्फ मुन्नान निवासी लद्दावाला (थाना खालापार) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जमीन मालिकों के फर्जी दस्तावेज और जाली आधार कार्ड तैयार करते थे, फर्जी पहचान पर बैंक खाते खुलवाकर चेकों की रकम निकाल लेते थे और आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बसीकलां स्थित अतीक बैग और तौफीक बैग की भूमि के फर्जी कागजात तैयार कर 13 बीघा जमीन का एग्रीमेंट किया था। प्रति बीघा 7.55 लाख रुपये की दर से रजिस्ट्री का झांसा देकर दो बैंकों के चेक लिए गए, जिन्हें फर्जी खातों के जरिए भुना लिया गया। बरामद नकदी उसी ठगी की रकम का हिस्सा बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त राजवीर उर्फ राजू का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। उसके खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि इस्लाम उर्फ मुन्नान के खिलाफ भी इसी मामले में अभियोग पंजीकृत है। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में दबिशें दे रही है।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई जमीन फर्जीवाड़े के खिलाफ सख्त संदेश है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और ठगी की शेष रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *