रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सुबह-सुबह मिली इस सूचना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। सूचना मिलते ही थाना खतौली पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके को घेराबंदी में ले लिया और जांच शुरू की।
घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत और क्षेत्राधिकारी खतौली राम आशीष यादव भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने गंगनहर किनारे पड़े शव और आसपास के इलाके का गहन निरीक्षण किया। महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि उसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों को सूचना देने के साथ-साथ लापता महिलाओं के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला बेहद संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से गंगनहर किनारे फेंक दिया गया। हालांकि प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मामला और अधिक उलझ गया है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।
स्थानीय पुलिस ने मौके पर पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है, साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला यहां तक कैसे पहुंची।
घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गंगनहर किनारे महिला का शव मिलने से लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही घटना का खुलासा नहीं हुआ तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।
