वीर बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर साइक्लोथॉन रैली फतेहपुर पहुँची

Spread the love

रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। वीर बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही ऐतिहासिक वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन रैली फतेहपुर पहुँची । सरस्वती विद्या मंदिर में एनसीसी कैडेट्स ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। रांची से नई दिल्ली तक जा रही यह साइक्लोथॉन रैली जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी वीर बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और बलिदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। इस साइक्लोथॉन में दो अधिकारी, दो जेसीओ, 16 सीनियर विंग के गर्ल्स एवं बॉयज एनसीसी कैडेट्स के साथ मेडिकल कैडेट्स भी शामिल हैं। प्रतिभागी प्रतिदिन 60 से 70 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। रैली को 28 दिसंबर को झारखंड की राजधानी रांची से राज्यपाल संतोष गंगवार ने संतोष सेठ के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह रैली हजारीबाग, वाराणसी और प्रयागराज होते हुए फतेहपुर पहुँची।


फतेहपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे माहौल देशभक्ति से भर गया। इस अवसर पर वीर बिरसा मुंडा के संघर्ष और उलगुलान आंदोलन को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित कर्नल अनिल यादव ने बताया कि साइक्लोथॉन का उद्देश्य भगवान के रूप में पूजे जाने वाले महान जनजातीय नायक वीर बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि रैली रात्रि विश्राम के बाद कानपुर के लिए रवाना होगी और 28 जनवरी को दिल्ली कैंट में आयोजित एनसीसी की पीएम रैली कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर इसका समापन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *