सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा, रामराज, मीरापुर तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली पहुंचकर ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, जांच सेवाएं, टीकाकरण और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उन्हें दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह समझने का प्रयास किया कि मरीजों को पंजीकरण से लेकर उपचार और दवा वितरण तक किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही। स्वास्थ्य मेलों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
डॉ. सुनील तेवतिया ने चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब पात्र लोगों तक उनकी जानकारी समय रहते पहुंचे। इसीलिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अस्पताल परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने और मरीजों के साथ सौम्य एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के निरीक्षण को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सीएमओ के इस दौरे से स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की उम्मीद बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *