महिला की चालाकी CCTV में कैद, पंजाबी मार्केट की दुकान से सूट चोरी

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। ईद के त्योहार की रौनक के बीच शहर के व्यस्त पंजाबी मार्केट से चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक गारमेंट्स शोरूम में बुर्कानशीं महिला ने खरीदारी के बहाने दाखिल होकर बड़ी सफाई से एक कीमती सूट पर हाथ साफ कर दिया। महिला की यह पूरी हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पंजाबी मार्केट स्थित ‘वृंदा कलेक्शन’ नामक गारमेंट्स दुकान पर ईद की खरीदारी के चलते ग्राहकों की खासी भीड़ थी। इसी भीड़भाड़ के बीच एक बुर्कानशीं महिला दुकान में पहुंची और कपड़े देखने लगी। बताया जा रहा है कि दुकानदार और कर्मचारी अन्य ग्राहकों को सामान दिखाने में व्यस्त थे। इसी मौके का फायदा उठाते हुए महिला ने बड़ी चालाकी से एक कीमती सूट गायब कर लिया और किसी को भनक लगे बिना वहां से निकल गई।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दुकान पर स्टॉक का मिलान किया गया। एक सूट कम मिलने पर दुकानदार को शक हुआ, जिसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज सामने आने पर सभी के होश उड़ गए। वीडियो में साफ तौर पर देखा गया कि महिला ने बेहद शातिराना अंदाज में सूट चोरी किया और कुछ ही क्षणों में वहां से रफूचक्कर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान और तलाश में जुट गई है। उधर, बाजार के व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के मौसम में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए दुकानदारों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।
त्योहारी सीजन में हुई इस वारदात ने बाजार के व्यापारियों को चौकन्ना कर दिया है। एक तरफ लोग ईद की खरीदारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे शातिर चोर भी सक्रिय हो गए हैं, जो भीड़ का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर महिला तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *